संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के गांव जलेसर रोड (मानिकपुर) में कुछ युवकों ने मोबाइल का लॉक खोलने को लेकर रिपेयरिंग करने वाले दुकानदार से मारपीट कर दी। दुकानदार ने युवकों पर मारपीट करने और उसके दुकान में गल्ले में रखी रकम एवं मोबाइल फोन लूटकर ले जाने का आरोप लगाया है। इसकी सूचना 112 पीआरवी भी मौके पर पहुंच गई। कुछ महिलाओं ने वहां हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को देखकर वह शांत हो गईं।
दिनेश कुमार ने बताया कि सोमवार की दोपहर को गांव बाग बधिक निवासी एक युवक उसकी दुकान पर मोबाइल फोन का लॉक खुलवाने के लिए आया था। युवक मंगलवार को अपना मोबाइल फोन लेने पहुंचा तो दुकान पर दिनेश का भांजा नीतेश बैठा था। उसने युवक को बताया कि उसका मोबाइल सादाबाद भेज दिया गया है।
शाम तक आ जाएगा, लेकिन युवक मोबाइल फोन को उसी समय देने की जिद करने लगा। दोनों में नोकझोंक हो गई। युवक गुस्सा होकर अपने गांव चला गया और गांव से छह-सात अन्य युवकों एवं महिलाओं के साथ दुकान पर पहुंच गया।
इन सभी ने आते ही मोबाइल मैकेनिक एवं दुकानदार के भांजे के साथ मारपीट शुरू कर दी। पास के दुकानदारों ने बीच-बचाव किया और पीआरवी को सूचना दी। मौके पर पीआरवी आने पर वह दुकानदारों को रात में देख लेने की धमकी देते हुए चले गए। दुकानदार ने घटना के संबंध में कोतवाली में तहरीर दे दी है।