फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाथरस : परिजनों को बेहोश कर नकदी, गहने ले गईं नई दुल्हनें

विज्ञापन
विज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
विज्ञापन

पारस सिनेमा के निकट शादी करके लाई गईं दो नई नवेली दुल्हन बुधवार को परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर रफूचक्कर हो गईं। करीब चार घंटे बाद परिवार वालों को होश आया तो घर से कीमती सामान गायब देखकर उनके पांव तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन दुल्हनों की खोज शुरू कर दी गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पीड़ित युवकों की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
दरअसल, कस्बा में पारस टाकीज के निकट इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान करने वाले दो सगे भाई दुष्यंत व गौरव वार्ष्णेय पुत्रगण कृष्ण गोपाल वार्ष्णेय की ननिहाल हाथरस में है। मामा की दुकान पर उनकी मुलाकात हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव परसारा निवासी गुड़िया नामक महिला से हुई। वहां शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई। गुड़िया लड़का पक्ष और आदित्य शर्मा पुत्र रामप्रकाश शर्मा निवासी कैलाश नगर कॉलोनी हथौड़ा बुजुर्ग शाहजहांपुर लड़की पक्ष का बिचौलिया बना। बिचौलियों के मध्य शादी की एवज में दो लाख 25 हजार रुपये तय हुए। यह रुपये वर पक्ष को देने थे। इसमें से 55 हजार रुपये गुड़िया और 1.70 लाख रुपये आदित्य को देना तय हुआ।
विज्ञापन

22 मार्च को दुष्यंत की शादी मुरादाबाद निवासी युवती व गौरव की शादी हल्द्वानी निवासी युवती के साथ हाथरस की गली जोगियान में उनके मामा रामगोपाल के घर हुई। शादी के बाद 23 मार्च की सुबह करीब 12 बजे दोनों दुल्हनों को लेकर कस्बा सासनी में अपने घर पहुंचे। देर शाम तक शादी के अन्य रीति-रिवाज निभाए गए। शाम करीब सात बजे दूल्हे के परिजनों ने नई दुल्हनों से चाय बनाने के लिए कहा। दुल्हनों ने चाय बनाकर परिजनों को दी।
विज्ञापन

आरोप है कि चाय पीकर ही परिजन मूर्छित हो गए। करीब चार घंटे बाद होश आने पर उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। दुल्हनें अपने और परिजनों के गहने, एक लाख रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन लेकर चंपत हो गईं। काफी तलाश करने पर कोई जानकारी नहीं मिली। तब पीड़ित दूल्हों ने घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक कृतपाल सिंह का कहना है कि पीडितों की तहरीर मिली है। मामला हाथरस से संबधित है। पुलिस घटना के तथ्यों की जांच कर रही है। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें