न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए दो लोगों को उनके रुपये वापस मिल गए। रुपये वापस मिलने से वह काफी खुश हुए। एक से रिश्तेदार बनकर तो दूसरे से फाइनेंस कर्मी बनकर ठगी की गई थी।
सर्वेश कुमार पुत्र चनीराम निवासी गांव झींगुरा थाना चंदपा ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। उससे एक व्यक्ति ने हीरो का फाइनेंस कर्ता बनकर फोन करके उसके खाते से 12 हजार रुपये काट लिए। इसकी साइबर पोर्टल के माध्यम से शिकायत की गई। साइबर सेल टीम की सक्रियता और अथक प्रयास से उसके 12000 रुपये वापस कराए गए। ऑनलाइन ठगी की दूसरी घटना प्रिंस शर्मा निवासी अफोया थाना हाथरस जंक्शन के साथ हुई। एक व्यक्ति ने रिश्तेदार बनकर उनको फोन करके कहा कि वह खाते में 12 हजार रुपये डाल रहा है।
उसने पे टीएम पर 12 हजार रुपये की रिक्वेस्ट भेजी और पिन डालते ही प्रिंस के खाते से 12000 रुपये कट गए। इस संबंध में प्रिंस ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से साइबर सेल में शिकायत की। इसके बाद साइबर सेल की टीम मामले की जांच में लग गई।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सर्वेश व प्रिंस शर्मा के रुपये वापस कराए। दोनों लोगों ने इस पर खुशी का इजहार करते हुए कार्यालय साइबर सेल पहुंचकर पुलिस को धन्यवाद दिया और टीम की प्रशंसा की। साइबर सेल की टीम में मोहित कुमार, गौरव तोमर, आलोक कुमार शामिल थे।