हाथरस : हरियाली तीज पर दाऊ बाबा मंदिर प्रांगण में झूला झूलतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हरियाली तीज का पर्व बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने सोलह शृंगार कर सुहाग की लंबी उम्र की कामना के साथ उपवास रखा। हाथों में मेहंदी रचाई। घरों में महिलाओं ने पकवान बनाए और मल्हार गाते हुए नृत्य किया। हरियाली तीज के पर्व को लेकर सुबह से ही सुहागिनों में काफी उत्साह देखा गया। महिलाओं ने हरे वस्त्र पहने और सोलह शृंगार किए।
माता गौरी और भगवान भोलेनाथ का हल्दी, चावल और अन्य सामग्री से पूजन किया। पूड़ी-पकवानों से उनका भोग लगाया। शाम को गौरी मैया को झूला झुलाया गया। घरों में महिलाओं ने मल्हार गाए। कई परिवारों के लोग शाम को शहर के रेस्टोरेंट भी पहुंचे। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार भी हरियाली तीज पर कोई बड़ा आयोजन नहीं हुआ।
मंदिर श्रीदाऊजी महाराज पर रेवती मैया का मेला भी प्रतीकात्मक रूप से ही लगा। वहां झूले भी लगे और चाट-पकौड़ी का बाजार भी सजा। महिलाओं और बच्चों ने झूला झूलकर मनोरंजन किया। चाट-पकौड़ी का लुत्फ उठाया। देर रात तक वहां मंदिर श्रीदाऊजी महाराज और रेवती मैया के दर्शन करने के लिए भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।