न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के शांति नर्सिंग होम में मंगलवार की शाम को प्रसव के लिए भर्ती महिला के पति और उसके परिजनों ने हंगामा कर दिया। वह डॉक्टर व स्टाफ के साथ अभद्रता करते हुए नार्मल डिलिवरी करने का दबाव बनाने लगे। हंगामे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉक्टर ने पुलिस को तहरीर दी है।
सिकंदराराऊ रोड के महादेव कॉलोनी की एक महिला को उसके पति और ससुर ने सोमवार की शाम करीब चार बजे शांति नर्सिंग होम में भर्ती कराया। महिला का प्रसव होना है। मंगलवार की शाम को पति, देवर औैर ससुर ने डॉक्टर दीपिका शर्मा पर जबरन नॉर्मल डिलिवरी करने का दबाव बनाया। डॉक्टर ने यह कहते हुए इंकार कर दिया कि अभी नॉर्मल के हालात नहीं है।
परिजनों से कहा कि वह ले जाना चाहे तो किसी दूसरे अस्पताल जा सकते है। इतने में महिला के पति, देवर और ससुर ने डॉक्टर के चैंबर में घुसकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इतने में ही वहां पर अस्पताल का अन्य स्टाफ भी पहुंच गया। जिन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश की उनसे गाली गलौज करने लगे। जमकर हंगामा हुआ, कुछ देर बाद महिला के देवर ने कुछ लोगों को फोन करके बुला लिया। कुछ लोग आगरा नंबर की गाड़ी में सवार होकर अस्पताल आ गए।
सूचना के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। शहर के अन्य डॉक्टर भी वहां पर पहुंच गए और हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली हाथरस गेट के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीश चंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।