न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
फूल का काम करने वाले युवक की मौत का कारण पता लगाने के लिए पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मौत कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। विसरा की जांच रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव ढकपुरा निवासी रामेश्वर सैनी का 24 वर्षीय बेटा अशोक सैनी कमला बाजार में फूलमाला बेचने का काम करता था। सोमवार की शाम को वह अपनी दुकान की दूसरी मंजिल पर जाकर सो गया। उसे नशे का आदी बताया जा रहा है। काफी देर तक जब वह नहीं जागा तो पिता ने इसकी जानकारी लोगों को दी। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, ताकि मौत का कारण स्पष्ट हो सके, लेकिन पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अब पुलिस ने विसरा को जांच के लिए सुरक्षित रखा है। विसरा रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण सामने आएगा। संवाद