हाथरस : टेंपो में सवार घायल यात्रियों का जिला अस्पताल में होता उपचार व लगी भीड़। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अलीगढ़ रोड भैरों मंदिर के निकट टेंपो का पहिला निकल गया। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा पलट गया। इससे टेंपो में सवार यात्रियों की चीख निकल गई। आसपास मौजूद लोगों ने टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार दोपहर को शहर के मोहल्ला श्रीनगर निवासी मुजाहिद सासनी से अपने टेंपो में सवारी लेकर हाथरस के लिए चला। जैसे ही उसका टेंपो शहर के ओवर ब्रिज भैरों मंदिर के पास पहुंचा तभी टेंपो का अगला पहिया निकल गया। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूल बस से टकराया और पलट गया। टेंपो के पलटते ही उससे में सवार लोगों की चीख पुकार मच गई। यह देख मौके पर मौजूद लोग भागे और टेंपो में दबे हुए लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में रजनी पत्नी साहब सिंह व राजेश पुत्री डूंगर सिंह निवासी बसगोई सासनी, प्रवीन पुत्र सुरेश चंद्र निवासी गंभीरपुरा सासनी गेट अलीगढ़, रामनिवासी दीक्षित निवासी लोधई सहपऊ, छह वर्षीय सुनेना व उसकी मां गायत्री पत्नी विजेंद्र, टेंपो चालक मुजाहिद निवासी श्रीनगर और मुजीम निवासी श्रीनगर के नाम शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलने पर घायलों के परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। संवाद