न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेशीय अनुसूचित जाति जनजाति बेसिक शिक्षक महासंघ की हाथरस इकाई के बैनर तले बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में छह सूत्री मांगें रखी गईं हैं।
ज्ञापन में 69000 शिक्षकों की भर्ती में चयनित शिक्षकों का अवशेष सत्यापन जल्द पूर्ण कराते हुए अवशेष वेतन का भुगतान शीघ्र कराए जाने, अंतरजनपदीय स्थानांतरण 2020 के फलस्वरूप जिले में पदस्थापित हुए शिक्षकों के अवशेष वेतन का भुगतान कराने, शिक्षकों को मासिक वेतन का भुगतान महीने की पांच तारीख तक कराने, सामूहिक बीमा कटौती तत्काल बंद कराने, वर्तमान में डेंगू एवं वायरल बुखार से पीड़ित परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का चिह्नांकन विद्यालय स्तर पर कराकर स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निदानात्मक कार्रवाई कराए जाने की मांग की गई, ताकि बच्चों एवं उनके अभिभावकों में बीमारियों के भय को दूर किया जा सके।
बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों की बहुआयामी व्यवस्था के सम्यक निष्पादन के लिए प्रत्येक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति जल्द कराए जाने की मांग भी की गई। ज्ञापन देने वालों में गिर्राज किशोर तनेजा, दयाचंद्र, जल सिंह, चंद्रशेखर, राजेंद्र सिंह, हितेंद्र सिंह, सुरेश चंद्र विमल, मदन मोहन, ललित कुमार, राकेश कुमार, जय सिंह पाल आदि शामिल थे। संवाद