हाथरस : गणित विषय की पढ़ाई के प्रशिक्षण के दौरान जानकारी लेतीं डीआईओएस ऋतु गोयल।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गणित विषय को सरल बनाने के लिए गणित के शिक्षकों की तीन दिवसीय कार्यशाला की शुरुआत स्थानीय एसपी इंटर कॉलेज में हुई। जिलेभर के राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के गणित विषय के शिक्षक-शिक्षिका इस कार्यशाला में शामिल हुए।
भारत सरकार की राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की पहल पर स्थानीय एसपी इंटर कॉलेज में सर्वहितकारी शिक्षा प्रसार समिति गोवर्धन (मथुरा) के बैनर तले शुरू हुई इस तीन दिवसीय कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर के गणित प्रशिक्षक राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त गुरमीत सिंह ने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। शुभारंभ डीआईओएस ऋतु गोयल ने किया। यहां गणित को सरलतम विधि से पढ़ाने की जानकारी दी गई। गणित विषय से संबंधित ज्यामितीय प्रमेय आदि की जटिल विसंगतियों को दूर करने के लिए विभिन्न डिवाइस के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
डीआईओएस ने कहा कि अध्यापक एक शिल्पकार होता है, जो छात्रों के भविष्य को बनाता है। अध्यक्षता प्रबंधक एसपी इंटर कॉलेज सुरेशचंद्र शर्मा ने की। कार्यशाला में शामिल शिक्षिका नीरजा राणा ने कहा कि इस तरीके से गणित को समझने और समझाने के तरीके से छात्र-छात्राओं को बहुत लाभ होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर बहुत खुशी हुई की हम गणित को हाथ से एक्सपेरिमेंट करके भी पढ़ सकते हैं और पढ़ा सकते हैं।
समिति के सचिव धर्मराज सिंह ने कहा कि गणित एक ऐसा विषय है, जिसमें बच्चों के अंदर डर रहता है। इसी डर को दूर करने के लिए इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला प्रबंधक ज्योति सिंह ने बताया कि कार्यशाला में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से संबंधित कुल 50 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया है। गणित विषय की जटिलताओं से संबंधित प्रश्नों के समाधान पर भी चर्चा कर विषय विशेषज्ञ द्वारा समाधान किया जा रहा है। इस मौके पर नम्रता सिंह, लोकेंद्र सिंह, कौशल सिंह, डीओसी धीरेंद्र प्रताप सिंह, गजेंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।