न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि उनके द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
एसपी ने चिन्हित किए गए विभिन्न प्रकार के अपराध जैसे शराब, खनन, पशु, वन और भूमाफिया के बारे में जानकारी ली। इस प्रकार के अपराधियों पर गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्रवाई और उनके खिलाफ दर्ज कराए गए गैंगस्टर एक्ट के मुकदमों की जानकारी ली। गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों में धारा 14(1) के अंतर्गत उनकी संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लगातार अपराध करने वाले टॉप-10 अपराधियों को नए सिरे से चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि मिशन शक्ति के तृतीय चरण अभियान के तहत महिला संबंधी अपराधों के अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी कर आजीवन कारावास और मृत्युदंड आदि की सजा कराने जैसे उत्कृष्ट कार्य किए गए हैं। इनकी सराहना अपर मुख्य सचिव गृह व पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की गई है। गोष्ठी में एएसपी प्रकाश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर मनोज शर्मा, क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी सादाबाद ब्रह्म सिंह, क्षेत्राधिकारी अपराध रुचि गुप्ता, सीएफओ एके सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक एलआईयू, एसओजी प्रभारी आदि मौजूद रहे। संवाद