केट टूर्नामेंट का फीता काटकर शुभारंभ करते कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह। संवाद
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा रोड स्थित रिंकू सिंह क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को मास्टर जसवंत सिंह अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण सिंह ने फीता काटकर किया। स्टेडियम संचालक रणजी क्रिकेटर रिंकू सिंह ने मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण सिंह का साफा बांधकर स्वागत किया। पहला मैच आगरा की ताज स्पोर्ट्स एकेडमी और हाथरस रॉयल के बीच हुआ। जिसमें ताज स्पोर्ट्स एकेडमी ने जीत दर्ज की।
हाथरस रॉयल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। आगरा की ताज स्पोर्ट्स एकेडमी ने हाथरस रॉयल को सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। हैट्रिक लेकर बॉल से बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आर्यन वर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में कई राज्यों की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को जो मौका मिला है, उसका पूरा लाभ उठाएं। क्रिकेट में भविष्य तराशने के लिए मेहनत करें। क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए रिंकू सिंह ने हिम्मती कदम उठाया है। प्रभावशाली लोगों को उनकी मदद करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बेहतरीन खिलाड़ी और स्टेडियम संचालन में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। रिंकू सिंह ने बताया कि मास्टर जसवंत सिंह के नाम से यह पहले अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन है। इस मौके पर क्रिकेटर रिंकू सिंह, रुपेंद्र सिंह नंबरदार, दलवीर सिंह, राजकुमार चौधरी, केशव देव, अंकुश गौड़ आदि मौजूद रहे।