हाथरस : आवारा गोवंश की समस्या को लेकर तहसील परिसर में पहुंचे गांव दगसह के किसानों को समझाते एडीओ प?
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आवारा गोवंश की समस्या को लेकर गांव दगसह के ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसील परिसर में नारेबाजी की। किसानों का आरोप था कि आवारा गोवंश और जानवर उनकी फसलों को रौंद कर बर्बाद कर रहे हैं। उनकी मेहनत से की गई पल भर में नष्ट हो रही है। एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम पहुंच गए और ग्रामीणों को गोवंश को अन्य किसी गोशाला में भिजवाने का आश्वासन दिया। बाद में सभी ग्रामीण तहसीलदार अनिल कुमार सिंह से भी मिले और उन्हें भी अपनी समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके द्वारा आलू, गेहूं और सरसों की फसल की गई है, लेकिन गांव में आवारा गोवंश का आतंक इतना अधिक है कि फसलों की काफी सुरक्षा के बाद भी यह पशु खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भगाने पर यह हमलावर भी हो रहे हैं, इससे न सिर्फ किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, बल्कि जान पर भी आफत आई हुई है।
इन आवारा गोवंश को किसी बड़ी गोशाला में भिजवाया जाना अति आवश्यक है। एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम ने इन किसान और ग्रामीणों को समझाया कि जल्द ही कई अन्य गोशालाएं बनाई जा रही हैं। इसके बाद इन आवारा गोवंश की समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने 30 रुपये प्रति गोवंश की योजना की जानकारी से भी ग्रामीणों को अवगत कराया। इधर, तहसीलदार अनिल कुमार सिंह ने भी ग्रामीणों से वार्ता की और जल्द ही समस्या का समाधान किए जाने का आश्वासन दिया।