सासनी गेट चौराहे पर दो समुदाय के लोगों में मारपीट के बाद मौके पर लोगों से पूछताछ करती पुलिस। संवा
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के सासनी गेट चौराहे पर रविवार की देर शाम पुरानी रंजिश में दो समुदायों के बीच मारपीट हो गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से छह लोग घायल हो गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने दोनों पक्षों से लगभग सात-आठ लोगों को हिरासत में लिया था। वहीं, घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
रविवार की देर शाम को सासनी गेट स्थित चौराहा पर एक समुदाय के युवक को दूसरे समुदाय के कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते खींच कर ले जा रहे थे। इसी बीच वहां पर उस युवक के परिवार के लोग आ गए। दोनों पक्षों में टकराव हो गया। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
यहां पर चले लाठी-डंडे देख चौराहा पर भगदड़ मच गई। चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मी मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे तो एक समुदाय के लोगों ने उनसे भी धक्का-मुक्की कर दी। सूचना पर शहर कोतवाल दल-बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
मारपीट में एक पक्ष के बबलू व पवन पुत्र नौरंगीलाल, चंद्रवती पत्नी नौरंगीलाल, प्रकाश पुत्र पूरन सिंह और दूसरे पक्ष के जी आलम व शाह आलम पुत्र वहीद खां निवासी सासनी गेट घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है। दोनों ही पक्षों के लोगों की भीड़ कोतवाली परिसर में लग गई।