न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के मोहल्ला श्रीनगर में मामूली बात पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस बीच एक पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। मौके पर भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया और फिर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र मोहल्ला श्रीनगर निवासी दो पक्षों में एक दिन पहले हुई कहासुनी व मारपीट की बात को लेकर बुधवार की सुबह फिर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। उनके बीच मारपीट होने लगी। एक पक्ष के युवकों ने वहां पर ईंट फेंकना शुरू कर दिया। मौके पर भगदड़ मच गई। यह देखकर लोग घबरा गए।
सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के युवकों को पकड़कर थाने ले गई। यहां उनके परिवार के काफी लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।