न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्य प्रणाली का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। एक तो रिजल्ट आधा अधूरा जारी कर दिया गया है, उस पर अब वेब रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 सितंबर कर दी है। ऐसे में आधे-अधूरे रिजल्ट वाले विद्यार्थी परेशानी में आ गए हैं। अगर यहीं हाल रहा तो काफी विद्यार्थी नामांकन से वंचित रह जाएंगे।
पिछले दिनों विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए अधूरे व अपूर्ण परीक्षा परिणाम ने विद्यार्थियों को परेशानी में डाल दिया है। अभी तक तो विद्यार्थी यह सोच कर बैठे थे कि वेब रजिस्ट्रेशन की अभी अंतिम तिथि जारी नहीं की गई है, लेकिन अचानक से वेब रजिस्ट्रेशन की तिथि 30 सितंबर किए जाने के बाद विद्यार्थियों के सामने संकट पैदा हो गया है।
छात्र पहले से ही अधूरे परीक्षा परिणाम को ठीक कराने के लिए विश्वविद्यालय व कॉलेज के चक्कर काट-काट कर परेशान थे, लेकिन अब वेब रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि घोषित होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में उन्हें अब प्रवेश पर संकट के बादल दिख रहे हैं। संवाद