न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन लोग बुखार के कारण मौत का शिकार हो रहे हैं। एक छात्रा सहित सात और लोगों की बुखार से मौत हो गई। जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भरमार है।
चंदपा क्षेत्र के गांव केवल गढ़ी निवासी शिखा (19 वर्ष) पुत्री राजेश सिसौदिया शहर के आरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में एमए की पढ़ाई कर रही थीं। शिखा को 15 दिन पहले बुखार आया था। तभी से उनका उपचार भी परिवार के लोग करा रहे थे। गंभीर हालत में उसे परिजन जयपुर के अस्पताल में ले गए। वहां बृहस्पतिवार की रात को करीब 12 बजे उपचार के दौरान शिखा की मौत हो गई। छात्रा की मौत से परिवार में मातम छा गया।
हसायन क्षेत्र के गांव जगदेवपुर निवासी अनुराग (30 वर्ष) पुत्र शिवम को भी बुखार आ रहा था। उसे परिजन गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर के अलीगढ़ रोड स्थित तमनागढ़ी निवासी भगवान देवी (65 वर्ष) पत्नी सियाराम को बुखार आ रहा था। रात को उनकी हालत अचानक खराब हुई। परिजन अस्पताल लाए तो उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मुरसान क्षेत्र के गांव गौजिया निवासी उर्मिला देवी (65 वर्ष) पत्नी लालाराम को भी कई दिनों से बुखार आ रहा था। हालत गंभीर होने पर परिजन उनको जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर घर चले गए।
डेंगू से मासूम बालिका की मौत
हसायन। क्षेत्र के गांव नवीपुर की तीन वर्षीय बालिका की डेंगू से उसके ननिहाल फिरोजाबाद के गांव महाराजपुर में मौत हो गई। बालिका का शव गांव नवीपुर स्थित घर पर आते ही कोहराम मच गया। काव्या (तीन वर्ष) पुत्री नीरेश कुमार उम्र तीन साल कुछ दिनों पहले अपनी मां सोनम के साथ फिरोजाबाद के गांव महाराजपुर में अपने नाना नानी के यहां गई थी। काव्या के पिता नीरेश कुमार ने बताया कि काव्या को बृहस्पतिवार को बुखार आया तो वह चिकित्सक के पास फिरोजाबाद में उपचार के लिए ले गए। वहां पहुंचते ही काव्या ने दम तोड़ दिया। चिकित्सक ने बताया कि काव्या को डेंगू था। संवाद
मुरसान में बुखार से दो लोगों की मौत
मुरसान। कस्बा में शुक्रवार को दो अलग-अलग जगहों पर बुखार आने से दो लोगों की मौत हो गई है। क्षेत्र में आए-दिन बुखार से लोगों की मौत हो रही है। इससे इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
दीपक (16 वर्ष) पुत्र लीला निवासी गांव भूतिया मथुरा काफी समय से कस्बा मुरसान स्थित नई बस्ती में परिवार के साथ रहता था। वह दो दिन से बीमार था। शुक्रवार को उसकी बुखार आने से मौत हो गई है। परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों ने बताया कि दीपक के पिता का करीब तीन माह पहले निधन हो गया था। अब उसके परिवार में यह दूसरी मौत है। कस्बा के स्टेशन रोड स्थित एक चिकित्सक की लापरवाही से कस्बा में एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है। चिकित्सक क्लीनिक बंद करके फरार हो गया है। बताया जाता है कि इगलास रोड मोहल्ला बघेल स्थित 24 वर्षीय संगीता की दो-तीन दिन से तबियत खराब थी। इसकी बुखार आने से मौत हो गई। संवाद