हाथरस : गांव नगला बिहारी में गिरी दीवार का बिखरा मलबा। संवाद
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र में बुधवार की शाम और रात को आई तेज आंधी और ओलावृष्टि से हुए नुकसान से लोग उबरे भी नहीं थे कि देर रात को फिर आंधी ने क्षेत्र में कई जगहों पर तबाही मचाई। गांव नगला बिहारी में आंधी के चलते दीवार गिरने से पूनम देवी पत्नी एदल सिंह, माया देवी पत्नी रुकमपाल और चार बच्चे टिन शेड के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने बमुश्किल इन सभी को बचाया। इधर, ओमप्रकाश के मकान के ऊपर भी नीम का पेड़ गिर गया, जिससे मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। जुगेंद्र सिंह की वैगनआर कार भी पेड़ टूटकर गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई।
इधर, एमएल इंटर कॉलेज में बने सरस्वती मंदिर के ऊपर पेड़ टूटकर गिरने से इसकी दीवारें फट गईं। आंधी से बिजली सिस्टम को भी जबर्दस्त नुकसान पहुंचा है। अधिशासी अभियंता मनोज जैन ने बताया कि बुधवार की रात को क्षेत्र में आई आंधी से सहपऊ, एदलपुर, गुतहरा, इसौंदा एवं ऊघई फीडर के तहत आने वाले क्षेत्र में बिजली के 105 खंभे टूट गए। अब कर्मी क्षतिग्रस्त लाइनों को सही कराने में जुटे हैं। पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को बहाल करने में अभी एक-दो दिन का समय और लग सकता है।
उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अमित कुमार ने बताया कि बिजली का जितना सामान उनके स्टोर में उपलब्ध था, उसे बिजली कर्मी अपने क्षेत्रों में लगवा रहे है। उनकी कोशिश है कि अतिशीघ्र क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारु की जा सके। ऊघई फीडर के अवर अभियंता भूप सिंह ने बताया कि क्षेत्र में जितना नुकसान हुआ है, उसके लिए एस्टीमेट तैयार कर एसडीएम के पास भेजा जा रहा है। इधर, सहपऊ, गुतहरा एवं इसौंदा के अवर अभियंता प्रह्लाद सिंह ने बताया कि जिन गांवों में बिजली के खंभे नहीं टूटे थे, वहां की बिजली आपूर्ति सुबह बहाल कर दी गई है। उनके क्षेत्र में ही आंधी ने बिजली सिस्टम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। संवाद