सर! कार्रवाई मत कीजिए, कैरियर हो जाएगा बर्बाद
अधिकारियों को फोन कर अब एमएसटी धारक कर रहे गुहार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। काफी समय से एमएसटी बिना रिचार्ज कराए बसों में सफर कर रहे कार्ड धारक अब हाथरस डिपो के अधिकारियों से फोन कर यह कह रहे हैं कि सर कार्रवाई मत करना हमारा कैरियर बर्बाद हो जाएगा। डिपो के अधिकारियों ने जब्त की गई एमएसटी संलग्न कर आरएम को पत्र भेजा है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस सहित प्रदेशभर में एमएसटी को गर्म कर क्षतिग्रस्त कर शातिर रोडवेज को चूना लगा रहे हैं। बुधवार को एक महिला परिचालक ने बिना रिचार्ज के चल रही तीन एमएसटी को जब्त कर लिया। शुक्रवार के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद डिपो के अधिकारियों पर एमएसटी कार्ड धारकों के डिपो के अधिकारियों पर फोन आ रहे हैं।
सर, अब दुबारा ऐसा नहीं होगा। कोई कार्रवाई मत करना, वरना हमारा कैरियर बर्बाद हो जाएगा। डिपो के अधिकारियों ने जब्त की गई एमएसटी व पत्र के जरिए आरएम को अवगत करा दिया है। इस मामले को लेकर डिपो में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वरिष्ठ लेखाधिकारी का कहना है कि जब्त की गई एमएसटी को पत्र के साथ संलग्न करके आरएम को भेजा गया है।