न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के सात हजार उपभोक्ताओं को जल्द बिजली कट का झटका लगेगा। इन लोगों ने ओटीएस में पंजीकरण कराने के बाद अभी तक बकाया जमा नहीं किया है। इन बकायेदारों की सूची जेई और एसडीओ को आला अफसरों ने सौंप दी है। शासन स्तर से बढ़ाई गई ओटीएस का भी इन लोगों ने लाभ नहीं लिया है। जुलाई माह में डेढ़ सौ लोगों ने ओटीएस में पंजीकरण कराए हैं।
उल्लेखनीय है कि शासन स्तर से बिजली के बकाया को हासिल करने व उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 14 हजार ओटीएस का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष बिजली महकमे ने करीब 11 हजार लोगों ओटीएस में पंजीकरण कराए, जिसमें चार हजार लोग तो हर माह किस्तों में बिजली का बिल जमा कर रहे हैं। बाकी के सात हजार लोग कोरोना काल में बिल जमा करने की सुधि नहीं ले रहे हैं।
ऐसे बकायेदारों से बिजली महकमा अब सख्ती से निपटने की तैयारी कर चुका है। बिजली महकमे द्वारा ओटीएस में पंजीकरण कराने वाले व बकाया जमा नहीं करने वाले सात हजार बकायेदारों की सूची संबधित एसडीओ और जेई को दे दी गई है। अब इनके यहां टीम जल्द पहुंचकर कनेक्शन को काटेगी, ताकि वह बकाया जमा करें। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि जिले के 11 हजार लोगों में करीब सात हजार लोग पंजीकरण कराने के बाद बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इनके कनेक्शन काटने के लिए संबंधित एक्सईएन को निर्देश दिए गए हैं।