न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इन चुनावों को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने मंगलवार को तहसील और पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की।
बैठक में संवेदन और अति संवेदनशील बूथों की समीक्षा की गई। एसडीएम ने थाना प्रभारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आयोग के निर्देश पर विधानसभा चुनाव को लेकर तहसील प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। विधानसभा मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है तो अन्य तैयारियां भी की जा रही हैं।
एसडीएम ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों को चिन्हित करा लें और उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। एसडीएम ने चुनाव से पूर्व ही विवादों को निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदान के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती पूर्वक निपटा जाएगा। एसडीएम ने पुलिस अफसरों से आपराधिक प्रवृति के लोगों की सूची तैयार करने के लिए भी कहा। बैठक में पुलिस व प्रशासन के कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद
तहसीलदार ने सुपरवाइजरों के साथ की बैठक
सादाबाद। तहसील सभागार में मंगलवार को तहसीलदार अनिल कुमार ने लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और सुपरवाइजरों के साथ बैठक की। बैठक में तहसीलदार ने स्वामित्व योजना, खसरा फीडिंग, अंश निर्धारण, निर्वाचन, विद्यालय में बूथों का नाम लिखवाने, जेंडर रेश्यो और क्रिटीकल बूथों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। तहसीलदार ने कहा कि निर्वाचन कार्य मे लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुपरवाइजर सभी बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूचियों का परीक्षण कर लें, जो भी कमियां हों उनको दुरुस्त कराएं।बैठक में आरके राजपाल यादव, आरआई देवीशरण शर्मा व सभी राजस्व कर्मी मौजूद रहे। संवाद