हाथरस : मृतक आलोक का फाइल फोटो।
- फोटो : HASAYAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस/हसायन।
कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव शंकरपुर निवासी युवक का शव सीधामई के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। जानकारी होने पर परिवार में खलबली मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार के लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
शंकरपुर हसायन निवासी आलोक कौशिक (35 वर्ष) पुत्र स्वविवेक कौशिक बृहस्पतिवार की शाम को करीब छह बजे बाइक से अपनी मौसी के यहां इगलास क्षेत्र के गांव नगला मिश्रिया जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन शुक्रवार की सुबह परिवार के लोगों को आलोक का शव सीधामई के निकट सड़क किनारे पड़ा होने की सूचना मिली। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस भी आ गई और फिर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम गृह पर आए परिवार के लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण सिर में चोट लगना बताया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। संवाद