हाथरस : शहर के बाजारो में भ्रमण करते एसपी विनीत जायसवाल। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में एटीएम, पेट्रोल पंप, व्यापारिक प्रतिष्ठान और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की विशेष अभियान चलाकर चेकिंग की गई। सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने क्षेत्र में पड़ने वाले एटीएम, पेट्रोल पंप, व्यापारिक प्रतिष्ठान, वित्तीय संस्थाओं एवं लेन-देन के महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर जांच की।
अपने थाना क्षेत्र में स्थान चिन्हित कर बैरियर लगाकर सघन जांच की गई। पुलिस ने सभी पेट्रोल पंप पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की दिशा एवं दशा भी जांची। सभी प्रबंधकों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान अकारण किसी को परेशान न किया जाए। बुजुर्गों और महिलाओं को अनावश्यक न रोका जाए।
तेज गति से वाहन चलाने, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी, बिना हेलमेट चलने वाले, चार पहिया वाहन में बिना सीट बेल्ट यात्रा करने वाले व्यक्तियों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया और लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरुक किया गया। कोविड महामारी को ध्यान में रखते हुए लोगों से कहा गया कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करें एवं कोविड गाइडलाइन का पालन करें। संवाद