न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रुहेरी-रघनियां रोड पर स्कूटी सवार बदमाशों ने एक युवक से बाइक लूट ली। मौके पर पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गांव रघनियां निवासी रामपाल सोमवार की रात को करीब पौने नौ बजे बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। इस बीच रुहेरी-रघनियां रोड पर उन्हें स्कूटी सवार तीन लोगों ने रोक लिया और उनमें से एक व्यक्ति ने रामपाल पर तमंचा तान दिया। इसके बाद बदमाश उनकी बाइक को लेकर रफूचक्कर हो गए। बदमाशों के जाने के बाद रामपाल ने शोर मचाया।
शोर सुनकर स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। हाथरस गेट पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने रात को बदमाशों की तलाश में काफी भागदौड़ की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। कोतवाली हाथरस गेट के इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।