गोशाला का गेट गिरने से स्कूल जा रही बच्ची जख्मी
हालत गंभीर होने पर बालिका को इलाज के लिए अलीगढ़ भेजा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सासनी (हाथरस)। थाना क्षेत्र के गांव बिलखौरा कलां में गोशाला पर बने गेट के गिरने से स्कूल जा रही एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख पुकार सुन कर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजन घायल बालिका को लेकर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले आए। हालत गंभीर होने के कारण घायल बालिका को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया है।
ग्राम बिलखौरा निवासी राजवीर सिंह की 11 वर्षीय पुत्री हेमलता गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रही है। बुधवार की सुबह वह विद्यालय जा रही थी। जैसे ही वह गेट के निकट पहुंची गेट भरभरा कर गिर पड़ा। जिससे हेमलता नीचे दब गई।
आसपास के लोगों ने घायल बच्ची को गेट के नीचे से निकाला। आनन फानन में परिजन घायल बच्ची को लेकर स्वास्थ्य केंद्र लाए। हालत गंभीर होने के कारण घायल बच्ची को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कालेज भेजा गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।