न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल वैन शनिवार की दोपहर सिकंदराराऊ-जलेसर मार्ग पर गांव जरैरा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन खाई में जा गिरी। वैन में पांच बच्चे सवार थे। हालांकि बच्चों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन दुर्घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे से बच्चे सहम गए। उनके कपड़े भी मिट्टी से खराब हो गए।
बता दें कि पुरदिलनगर के एचएस पब्लिक स्कूल की यह वैन पुरदिलनगर से रोजाना की तरह बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही थी। जैसे ही वैन पलटी, उसमें सवार बच्चे रोने लगे। वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने जैसे-तैसे इन बच्चों को सकुशल वैन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए। बच्चों को सुरक्षित देखकर उनकी जान में जान आई। संवाद