हाथरस: सफाई कर्मचारी से मारपीट के बाद कोतवाली हाथरस गेट पर लगी भीड़ व प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर में नाली से कीचड़ निकाल रहे सफाई कर्मी के साथ बाप-बेटे ने मारपीट कर दी। इस दौरान यहां पर जमकर विवाद हुआ। काम बंद कर तमाम सफाई कर्मी थाने पहुंच गए और वहां प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है।
शहर के वार्ड संख्या आठ में नियमित सफाई कर्मी गोरेलाल पुत्र तालेवर नाली साफ कर रहा था। इसी बीच वहां पर श्यामबाबू, मंजीत पुत्र श्यामबाबू और दो अन्य लोग निवासीगण सिद्धार्थ नगर वहां पर आ गए। आरोप है कि नामजदों व दो अन्य ने गाली देते हुए नाली न साफ करने के लिए कहा। जिस पर गोरेलाल ने कहा कि नाली साफ करने के बाद कचरा उठाने वाले आ रहे हैं, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट भी कर दी। सूचना के बाद कई सफाई कर्मी सिद्धार्थ नगर में पहुंच गए।
इस संबंध में सफाई नायक और अन्य अधिकारियों को सूचना दी गई। सभी काम बंद कर कोतवाली हाथरस गेट पहुंचे और सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन भी किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी नामजदों के खिलाफ तहरीर पर धारा 353, 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद सभी सफाई कर्मी अपने काम पर लौट गए। एसएचओ मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में आरोपी पिता पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दो अन्य की तलाश की जा रही है।