न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज बनने के बाद भी लोगों को जाम से मुक्ति नहीं मिल रही। शहर के सासनी गेट चौराहे पर भी यही स्थिति है। अतिक्रमण और शहर के अंदर आने और जाने वाले भारी वाहन इस जाम की मुख्य वजह हैं।
शहर के तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण हो गया है, लेकिन सासनी गेट पर जाम की समस्या से लोगों को मुक्ति नहीं मिली है। इसकी मुख्य वजह यह है कि यहां अतिक्रमण की वजह से रास्ता संकुचित है। सिकंदराराऊ-बरेली मार्ग स्थित इस चौराहे पर जाम का एक मुख्य कारण यह भी है कि इस चौराहे से काफी भारी वाहन शहर के अंदर दिन के समय प्रवेश करते हैं और बाहर भी निकलते हैं।
शहर के मुख्य बाजारों को जोड़ने वाला यह चौराहा अति व्यस्त चौराहा है। जब बागला कॉलेज रेलवे क्रॉसिंग फाटक बंद हो जाता है तो इस चौराहे पर वाहन भी फंस जाते हैं। लोगों का यही कहना है कि यहां से भारी वाहनों का शहर के अंदर प्रवेश बंद हो और अतिक्रमण हटें तो जाम की समस्या से मुक्ति मिल सकती है। संवाद
शहर में दिन के समय भारी वाहनों नो एंट्री सिस्टम का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए। यहां से अतिक्रमण भी हटाया जाए। तब यहां जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
-हरिमोहन
हालांकि तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज बनने से काफी राहत मिली है, लेकिन कई चौराहों पर अभी भी जाम लगा रहता है। जब शहर के अंदर से भारी वाहन प्रवेश करते हैं तो जाम की समस्या पैदा होती है।
-गोपालदास
यहां लाल सिग्नल लाइट लगनी चाहिए, जिससे बारी-बारी से वाहनों को निकाला जा सके। सबसे बड़ी समस्या यह है कि अतिक्रमण भी यहां है। इसके लिए व्यापक अभियान चलाया जाना चाहिए।
-दिलीप
जब-जब बागला कॉलेज के निकट वाला रेलवे फाटक बंद होता है, तब-तब और भीषण जाम लग जाता है। यदि इस रेलवे क्रॉसिंग पर भी ओवरब्रिज बन जाए तो स्थिति काफी बेहतर हो जाएगी।
-गोपाल