न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भारत विकास परिषद हाथरस शाखा द्वारा समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर, आगरा रोड पर किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मंत्री आरसी नरूला, शाखा अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, राया वालों ने भारत माता, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री व स्वामी विवेकानंद के छवि चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया।
आरसी नरूला ने परिषद के पांच सूत्र सेवा, सहयोग, संस्कार और समर्पण पर प्रकाश डाला। संयोजक विजय कृष्ण गर्ग ने विभिन्न विद्यालयों से आई टीमों को समूह गान प्रतियोगिता के नियमों के बारे में जानकारी दी। विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक वेशभूषा मे शानदार प्रस्तुति हिंदी और संस्कृत भाषा में राष्ट्रभक्ति गीतों के माध्यम से दी। प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर आगरा रोड हाथरस को प्रथम स्थान, रामचंद्र कन्या इंटर कॉलेज को द्वितीय एवं सेठ हरचरण दास कन्या इंटर कॉलेज को तृतीय स्थान मिला।
निर्णायक मंडल में विनोद रावत, संकल्प उपाध्याय एवं राकेश वार्ष्णेय रहे। शाखा अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डाला। जिला समन्वयक डॉ. बीपी सिंह ने प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन कार्यक्रम संयोजक विजय कृष्ण गर्ग और शाखा सचिव डॉ. मनोज शर्मा ने किया।
अंत में शाखा सचिव डॉ. मनोज शर्मा ने सभी का आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता, प्रधानाचार्य देवेश समाधिया, ऋषि बंसल, विशाल, अनिल वार्ष्णेय, आरएन वशिष्ठ, दुर्गेश गुप्ता, नन्नूमल गुप्ता, मदन मोहन, नितिन वार्ष्णेय आदि थे। संवाद