हाथरस : हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रुकी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दिल्ली के आनंद विहार से चलकर बृहस्पतिवार की शाम को हाथरस जंक्शन स्टेशन पर पहुंची चलकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से धुआं निकलते देखकर यात्रियों में खलबली मच गई। आनन-फानन यात्रियों ने जंजीर खींच दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन भी सतर्क हो गया। तत्काल ट्रेन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मी चढ़ गए। यात्रियों से धुआं निकलने का कारण पूछा तो पता चला कि बैटरी का तार जल गया था। तार को सही कराने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इस कारण करीब 20 मिनट तक हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकी रही।
उल्लेखनीय है कि उत्तर-मध्य रेलवे के दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग से हर रोज कई एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। कई ट्रेनों का हाथरय जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं है। बृहस्पतिवार की शाम को हाथरस जंक्शन स्टेशन के निकट करीब पांच बजकर 40 मिनट के करीब एसी कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में खलबली मच गई। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी।
ट्रेन में रेलवे कर्मियों व आरपीएफ के जवानों ने चढ़कर चेकिंग की तो पता चला कि बैटरी का तार जलने से ऐसा हुआ है। स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार का कहना है कि संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में धुआं उठने की सूचना मिली थी। चेकिंग के दौरान बैटरी का तार जला पाया गया। इस कारण धुआं उठा था। संवाद