न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
यूपी बोर्ड परीक्षा में वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी पर न पहुंचने वाले शिक्षक के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है। आगामी परीक्षा में केंद्र पर जाकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
श्री सीताराम सिंह इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक गोपाल सिंह को वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के रूप में परीक्षा केंद्र किरन देवी इंटर कॉलेज बोनई में तैनात किया गया है। डीआईओएस ऋतु गोयल ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा ग्रुप के माध्यम से बताया गया कि 26 मार्च को बिना किसी सूचना के परीक्षा केंद्र पर अनुपस्थित रहे।
इस कारण परीक्षा संपादित कराने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, जो लापरवाही को दर्शाता है। 26 मार्च का अग्रिम आदेशों तक संबंधित का वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही निर्देशित किया गया है कि आगामी परीक्षा में आवंटित परीक्षा केंद्र पर ससमय उपस्थित हों, अन्यथा यह माना जाएगा कि शिक्षक के द्वारा सरकारी आदेशों की अवहेलना की जा रही है और फिर विभागीय कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया जाएगा। इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होंगे। संवाद