न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के प्रशासन के दावों के बीच शनिवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान प्रशासन की सभी व्यवस्थाएं धरी रह गईं। कंट्रोल रूम में परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए की गईं सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह ठप हो गईं। नेट कनेक्टिविटी न आने के कारण परीक्षा केंद्र पर हो रही परीक्षाओं का हाल कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिक नहीं देख सके। हैरानी की बात यह रही कि इस बात खुलासा जब हुआ जब एडीएम औचक निरीक्षण के लिए कंट्रोल रूम पहुंच गए। पूरे मामले की जानकारी डीएम को दी गई। इस लापरवाही पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए अलग-अलग कार्मिकों को तैनात किया गया है, जो कि कंट्रोल रूम पर लगे कंप्यूटर के जरिये क्लास रूम में परीक्षा का हाल देख सकेंगे। हैरानी की बात यह रही कि प्रशासन की यह सारी तैयारियां शनिवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान धरी रह गईं। कलेक्ट्रेट में बना कंट्रोल रूम पूरी तरह ठप हो गया।
जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा चल रही थी। इस दौरान कलेक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम में नेट कनेक्टिविटी व तकनीकी दिक्कतों के कारण परीक्षा केंद्रों से संपर्क टूट गया। इस मामले से संबंधित अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को अवगत नहीं कराया गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब एडीएम ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। एडीएम ने लापरवाही की जानकारी डीएम को दी। डीएम ने इस मामले में संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की और तत्काल प्रभाव से इंटरनेट कनेक्टिविटी को चालू कराया। संवाद