न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
नगर के एक चिकित्सक को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान कोरोना पॉजिटिव घोषित किया है, जिसके बाद नगर के लोगों में कोरोना को लेकर दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य महकमे की टीम ने चिकित्सक की पत्नी और भतीजे को सासनी के क्वारंटीन सेंटर भेजा है। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि कस्बे के एक मोहल्ला निवासी चिकित्सक को 23 मई को बुखार आया था। 24 मई को उनके भतीजे व पत्नी उम्र 58 वर्ष ने उन्हें मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली में भर्ती कराया था, जहां उन्हें 25 मई को कोरोना पॉजिटिव बताया गया। चिकित्सक फिलहाल दिल्ली में ही हैं।
चिकित्सक की पत्नी, भतीजे का लिया गया नमूने
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 26 मई को उनकी पत्नी और एक भतीजे को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सासनी के क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कराया है। वहां इनके नमूने लिए जाएंगे।
मरीजों की खोजबीन में जुटा प्रशासन
सादाबाद। चिकित्सक के कोरोना पॉजीटिव घोषित होते ही प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। अब प्रशासन ऐसे मरीजों की खोजबीन में जुट गया है, जिन्होंने कोरोना पॉजीटिव चिकित्सक से अपना उपचार कराया। फिलहाल, प्रशासन के सामने एक मरीज का नाम सामने आ चुका है, लेकिन प्रशासन अन्य मरीजों की तलाश में भी जुटा हुआ है। पूछताछ और खोजबीन जारी है।
12 मकानों में रह रहे लोगों को किया गया होम क्वारंटीन
सादाबाद। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य महकमे की टीम ने चिकित्सक के मौहल्ले में स्थित 10 से 12 मकानों में रह रहे लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। होम क्वारंटीन किए गए घरों पर होम क्वारंटीन के पोस्टर भी चस्पा कर दिए गए हैं।
पांच टीमें गठित, 250 मीटर की परिधि में होगी निगरानी
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पांच टीमें गठित की गई हैं, जिनमें तीन-तीन सदस्य हैं। उनके ऊपर एक एक नोडल अधिकारी को तैनात किया गया है, जो कि घर के 250 मीटर की परिधि में निगरानी करेंगे।
चिकित्सक के क्लीनिक और लैब को किया सील
सादाबाद। दिल्ली के अस्पताल द्वारा सादाबाद के एक चिकित्सक को कोरोना पॉजिटिव घोषित किए जाने के बाद सादाबाद में प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट हो गया। एसडीएम राजेश कुमार और चिकित्सकों की टीम ने सादाबाद के मुख्य बाजार में स्थित चिकित्सक के क्लीनिक के अलावा एक पैथलॉजी लैब को भी सील कर दिया है। एहतियातन यह कार्रवाई की गई है।