न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नलकूप विद्युत भार बढ़ाए जाने से आक्रोशित किसान रालोद पदाधिकारियों के नेतृत्व में जैतई रोड स्थित बिजली दफ्तर पर पहुंच गए। यहां रालोद बृज क्षेत्र अध्यक्ष गुड्डू चौधरी और पूर्व विधायक व रालोद जिलाध्यक्ष गेंदालाल चौधरी ने किसानों के साथ एक्सईएन विद्युत से वार्ता की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर नलकूप संयोजन पर बढ़ाए गए लोड को वापस लेने की मांग की।
एक्सईएन को बताया कि सादाबाद तहसील के किसानों के अरसे से चले आ रहे निजी नलकूप जो कि 10 हार्सपावर के थे, जिनको एक आदेश के तहत किसानों की बिना सहमति के बढ़ाकर 10 से 15 हार्स पावर का कर दिया गया है। जिससे अब नलकूप का बिल 1600 रुपये से बढ़कर 3100 रुपये प्रतिमाह आ रहा है। साथ ही रालोद ने ट्यूबवेल धारक पर पेनाल्टी न लगाने व बिजली आपूर्ति 18 घंटा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अगर 15 दिन में स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया तो विद्युत कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर चंद्रकांत सिंह बधौतिया, विनोद उर्फ गुड्डू चौधरी, महाराज सिंह, दीपू चौधरी, सचिन पहचरा, सुरेंद्र सिंह, चंद्रेश चौधरी, भूरा पहलवान, कर्मवीर सिंह, हरिपाल सिंह, सनेहीलाल, ओमवीर सिंह, महीपाल सिंह, एनपी सिंह, रामसहाय, कलौदी आदि थे।