न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद में बनने वाले ऑक्सीजन प्लांट को लेकर अब फिर प्रशासन हरकत में आ गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने इस प्लांट की कृषि भूमि को आबादी में परिवर्तित किए जाने के लिए मुआयना किया। प्लांट संचालक का कहना है कि अगर जल्द ही भूमि के भू उपयोग के परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होती है तो यहां जिले के लोगों को जल्द ही ऑक्सीजन की आपूर्ति सुलभ हो सकेगी।
शासन के निर्देश पर जिले में ऑक्सीजन प्लांट बनाने के लिए कुछ उद्यमी भी आगे आए हैं। इस क्रम में सादाबाद के उद्यमी हरिपाल सिंह ने भी ऑक्सीजन प्लांट बनाने की पहल की है। प्लांट लगाने के लिए उद्यमी ने प्रोजेक्ट भी तैयार किया। इस प्लांट से करीब 200 सिलिंडरों की प्रतिदिन आपूर्ति की क्षमता निर्धारित की गई है। उद्यमी ने प्रशासन ने तत्काल सभी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के लिए कार्यवाही शुरू कर दी।
उद्यमी का कहना है कि प्लांट के लिए अभी तक प्रशासन की ओर से कृषि भूमि को आबादी में परिवर्तित नहीं किया गया है। इस कारण प्लांट के लिए एनओसी मिलने में कई दिक्कतें आ रही हैं। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने आबादी में भूमि का भूउपयोग परिवर्तित किए जाने के लिए इस भूमि का मुआयना किया। अब उद्यमी भूमि परिवर्तन की प्रक्रिया के लिए प्रशासन के आदेश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि प्लांट में मशीन आदि लगाने का काम शुरू हो सके।