न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
आगरा के पारस अस्पताल से इलाज कराकर लौटे क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य विभाग ने धरपकड़ शुरू कर दी है। सोमवार को ग्राम सठिया के विक्रम सिंह पुत्र जबर सिंह व जानकी देवी पत्नी सोनवीर को पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ले गई। जिन्हें सीमेक्स इंटरनेशनल स्कूल में बने क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है। ग्राम महमूदपुर निवासी विपिन कुमार ने भी आगरा के पारस अस्पताल में इलाज कराया था। जो घर से फरार है।
उल्लेखनीय है कि आगरा में पारस अस्पताल के चिकित्सक व पैरा मेडीकल स्टाफ व मरीजों के कोरोना संक्रमणपाए जाने के बाद आगरा जिला प्रशासन में ही नहीं आसपास के जिलों में भी खलबली मच गई थी। सभी संक्रमित मरीजों का यात्रा इतिहास खंगाला गया था।
आगरा के पारस अस्पताल में उपचार कराकर आए मरीजों की कॉल डिटेल की लोकेशन भी ली गई थी। जिसके आधार पर पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को ग्राम सठिया से दो लोगों को क्वारंटीन कराया गया है। इनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।