न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड सासनी की ग्राम पंचायत अलीपुर व नदौना नगला लच्छी का जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) जीडी जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत भवन व अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण न कराए जाने के मामले में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किए हैं।
ग्राम पंचायत अलीपुर का डीपीआरओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान पाया कि ग्राम पंचायत अलीपुर में अभी तक पंचायत भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है, जबकि पंचायत भवन निर्माण के लिए 17,46,000 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जानी थी। इसमें से प्रथम किश्त 10,47,600 रुपये कोषागार के माध्यम से सीधे ग्राम निधि प्रथम खाते में हस्तांतरित किए गए। नियमानुसार द्वितीय किश्त की अवशेष धनराशि 6,98,400 रुपये प्रथम किश्त के 75 प्रतिशत धनराशि व्यय होने के पश्चात कोषागार के माध्यम से आहरित की जानी थी, परंतु वित्तीय वर्ष के समाप्ति के पश्चात धनराशि लैप्स हो जाती है, इसलिए द्वितीय किश्त की धनराशि को भी हस्तांतरित किया जा चुका है।
पंचायत भवन का पूर्ण निर्माण कार्य अधिकतम तीन माह में ही किया जाना था, लेकिन यह खेद का विषय है उनके द्वारा अभी तक पंचायत भवन का निर्माण शुरू नहीं कराया गया है। पंचायत भवन निर्माण शुरू न होने पर डीपीआरओ ने ग्राम विकास अधिकारी पवन कुमार व ग्राम प्रधान शरद कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत नदौना का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अभी तक अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए धनराशि अवमुक्त की गई है। इस मामले में लापरवाही बरतने पर डीपीआरओ ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। संवाद