न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र के गांव थरौरा में बुधवार को एक महिला का शव पेड़ से लटके मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की हत्या की पुष्टि हुई है। अब इस मामले में मृतका के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। उसने अपनी बहन के पति, देवर, देवरानी एवं ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गौरतलब है कि बुधवार की सुबह तीन बजे गांव थरौरा निवासी बेबी (40) पत्नी गजेंद्र उर्फ बबलू का शव उसके नौहरे (पशु बांधने का स्थान) में एक नीम के पेड़ पर लटका मिला था। मृतका के पति ने इसकी सूचना उसके मायके वालों को दी। सूचना पर वहां रह रहे उसके पुत्र एवं पुत्री के साथ मायके पक्ष के अन्य लोग भी आ गए। उनके आने के बाद ही पुलिस ने महिला के शव को नीम के पेड़ से उतरवाया था।
इधर, पुलिस के गांव पहुंचते ही मृतका के परिजन शव को छोड़ कर भाग गए थे। शव का पोस्टमार्टम होने एवं उसके दाह संस्कार करने के बाद बेबी के छोटे भाई श्यामबाबू निवासी सिसहाट थाना जसवंतनगर जिला इटावा ने मृतका के पति, उसके देवर योगेंद्र, देवरानी सुधा देवी एवं सुसर बादाम सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। उसने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने उसकी बहन की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया था।
तहरीर में मृतका के भाई ने उसकी शादीशुदा भांजी पर उसकी बहन के मरने के बाद घर के सभी जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है। ज्ञात हो कि मृतका की बड़ी लड़की शादी के बाद मायके में ही रह रही थी जबकि उसके छोटे भाई एवं छोटी बहन उसकी प्रताड़ना के कारण ननिहाल में रह रहे थे। मां की मौत के बाद ही गांव आए थे। कोतवाल सत्यप्रकाश का कहना है कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल चुकी है। आरोपियों की तलाश जारी है।