न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
जीटी रोड स्थित कोविड-1 जेपी हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों द्वारा गत दिवस की गई तोड़फोड़, संक्रमण फैलाने की कुचेष्टा उन्हीं पर भारी पड़ गई। इस मामले में सीएचसी प्रभारी ने छह लोगों के खिलाफ कोतवाली में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी चिकित्सक डॉ. विवेक यादव द्वारा कराई गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि सिकंदराराऊ के कोविड-1 हॉस्पिटल में आकाश पुत्र शांति स्वरूप निवासी नगला जायस, अमित पुत्र मुनेश निवासी अगसौली, सुनील पुत्र देवदास निवासी लाल डिग्गी, कप्तान पुत्र नेत्रपाल निवासी तमुनी, दिनेश पुत्र गंगा सरन निवासी पुरानी छपेटी, राजपाल पुत्र वेदराम सासनी ने हॉस्पिटल के सामान को क्षति पहुंचाई। उन्होंने पानी की टंकी, टोटी, पाइप लाइन, बिजली के बटन तोड़े।
तार हटाएं एवं भवन को क्षतिग्रस्त करने जैसे कृत्य किए हैं। कूड़ा फैला कर गंदगी करते हैं फिर उसका वीडियो वायरल कर अव्यवस्था फैला रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारम्भ कर दी है।