हाथरस : होली से पहले अवैध शराब की बरामदगी के लिए जांच करती आबकारी विभाग की टीम।संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
होली से पहले आबकारी विभाग और पुलिस महकमे ने संयुक्त रूप से अवैध शराब की बिक्री और उत्पादन के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। ऑपेरशन प्रहार अभियान के अंतर्गत पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पुलिस क्षेत्राधिकारी सादाबाद ब्रह्म सिंह व जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना सहपऊ अंतर्गत ग्राम बाग बधिक, गुतहरा और महारारा में अवैध शराब के अड्डों पर छापा मारा।
हालांकि इस दौरान किसी प्रकार के मादक पदार्थ और अवैध शराब की बरामदगी नहीं हुई। त्योहार की संवेदनशीलता के दृष्टिगत ग्राम बाघ बधिक में चौपाल के माध्यम से लोगों को अवैध, सस्ती और मिलावटी शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरुक किया गया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि आसपास के क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से शराब बना रहा हो या बेच रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग और पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस मौके आबकारी निरीक्षक क्षेत्र दो, कृष्णमुरारी सिंह, कोतवाली निरीक्षक अतुल कुमार गौतम आदि मौजूद थे। संवाद