हाथरस: सील की गई सॉल्वर गैंग से पकड़ी गईं उत्तर पुस्तकाएं।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल माफिया ने प्रशासन व शिक्षा विभाग द्वारा नकल रोकने के लिए किए गए इंतजामों को धता बता दिया। मुरसान क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज बंका में पकड़े गए सॉल्वर गैंग के बाद पेपर आउट करने का सच सामने आया है। पुलिस ने बताया कि नकल माफिया व्हाट्स एप ग्रुप के माध्यम से प्रश्न पत्र को सॉल्वरों तक पहुंचाते थे।
इसके लिए सॉल्वरों का एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाया गया था। नकल माफिया प्रश्नपत्र खुलने के 10 मिनट बाद ही पेपरों को सॉल्वरों तक पहुंचा देते थे। इसके बाद सॉल्वर विभिन्न माध्यमों की मदद से पेपर को सॉल्व कर उत्तर पुस्तिका पर लिखना शुरू कर देते थे। इन सॉल्वरों को उत्तर पुस्तिकाओं के अंदर के पन्ने पहले से ही मुहैया करा दिए जाते थे। सॉल्वरों द्वारा लिखे गए पन्नों को बाद में स्कूल के अंदर भेजा जाता था और मूल कॉपियों में लगाया जाता था।
बिना कैमरे वाले कक्ष में बदली जाती थीं कॉपियां
हाथरस। यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल कसने के लिए परीक्षा केंद्रों में कैमरे लगाए गए हैं, जिससे परीक्षा के दौरान की स्थिति की मॉनीटरिंग की जा सके। हैरानी की बात यह है कि इस परीक्षा केंद्र में कॉपियों को परीक्षा के बाद ऐसे कमरे में एकत्रित किया जाता था, जिसमें कोई कैमरा ही नहीं लगाया गया था। इस दौरान इन कॉपियों की अदला-बदली नकल माफिया द्वारा की जाती थी। कॉपियों के बदलने के बाद कैमरा वाले कक्ष में लाकर कॉपियों को सील किया जाता था।