हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक की। डीएम ने संबंधित समस्त विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करके जिले में होने वाले औद्योगिक निवेश के लिए सहयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक बिंदु की रिपोर्ट निर्धारित समय में निस्तारित करके प्रगति करना सुनिश्चित करने और संबंधित विभागों को अनुपालन आख्या प्रेषित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि वर्तमान में जिले में लगभग 250 से 300 एनआरएलएम समूह संचालित हैं। इनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से एनआरएलएम समूहों को रोजगार उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि उद्यमियों से कहा कि अवगत कराएं कि उनको किस कार्य के लिए किस प्रकार के समूह की आवश्यकता है, उसके अनुसार उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों को सही कराने के बारे में डीएम ने जानकारी ली। डीएम ने औद्योगिक कारखानों में कार्यरत कर्मचारियों का ईएसआईसी के अंतर्गत अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त उद्योग हाथरस ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। संवाद