न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
नगर पंचायत पुरदिलनगर में सोमवार की दोपहर को अतिक्रमण हटाने गई नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की टीम को स्थानीय लोगों का विरोध झेलना पड़ा। विरोध के चलते दो दिन का समय देकर अधिकारी लौट गए। कार्रवाई से नाराज लोगों ने बिना नापजोख के अतिक्रमण हटाने के विरोध में मंगलवार को कस्बे का बाजार बंद रखने का ऐलान किया है।
बता दें कि सोमवार को उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा, अधिशासी अधिकारी (ईओ) रमा दुबे आंबेडकर तिराहा स्थित नाले पर बने अतिक्रमण को हटाने गए। जैसे ही जेसीबी से एक दुकान के नीचे का फर्श तोड़ा गया तो वहां काफी लोग एकत्रित हो गए। इन लोगों का कहना था कि उन्हें 24 घंटे पहले नोटिस दिया गया था। यह समय काफी कम है। इसके अलावा अतिक्रमण हटाने का पैमाना क्या है। कैसे निर्धारित करेंगे कि यह निर्माण अतिक्रमण है। अतिक्रमण हटाने के लिए कम से कम चार पांच दिन का समय दिया जाना चाहिए।
काफी देर तक चली बहसबाजी के बाद दो दिन में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देकर टीम लौट गई। ईओ रमा दुबे का कहना था कि अतिक्रमण को चिन्हित करने के बाद ही कार्रवाई की गई थी। इसके लिए मुनादी भी कराई गई। एसडीएम ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन का समय दिया है। व्यापारी नेता ओमप्रकाश गुप्ता, संजीव जाखेटिया, बौबी जाखेटिया ने कहा कि गलत रूप से हटाए जा रहे अतिक्रमण के विरोध में आज मंगलवार को कस्बे का बाजार बंद रहेगा। संवाद