न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
25 अप्रैल से सहालगों की शुरुआत हो रही है। शादी वाले घरों के लोग मेहमानों बुलाने को लेकर असमंजस में पड़े हुए हैं। कोविड को ध्यान में रखते हुए लोग गेस्ट हाउस व मैरिज होम में होने वाले कार्यक्रमों को निरस्त कर रहे हैं। इसे लेकर संचालक खासे परेशान हैं। अब शादी वाले घरों के लोग सीमित लोगों के साथ कार्यक्रम को करने की तैयारी में जुट गए हैं।
गौरतलब है कि चैत्र नवरात्र के बाद बाजार में उछाल आने की उम्मीद थी। लेकिन, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने आयोजनों में सीमित लोगों को ही मंजूरी दी है। ऐसे में लोग शादी कार्यक्रम में बुलाने वाले मेहमानों को लेकर असमंजस में पड़े हुए हैं। काफी लोगों के यहां पहली शादी है।
कोरोना संक्रमण ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है। शहर के गेस्ट हाउस व मैरिज होम को लोग रद्द करा रहे हैं। इससे लोगों ने जो एडवांस बुकिंग की थी उनके रुपये भी वापस नहीं मिल रहे हैं। कार्यक्रम निरस्त होने से मैरिज होम संचालक, लाइट कारोबारी, टेंट, कैटर्स आदि खासे परेशान हैं। काफी कैटर्स ने तो लेबर को एडवांस भी दे दिया है। कार्यक्रम की तिथि भी बता दी है। अब कार्यक्रम रद्द होने से उनका पैसा भी फंस गया है।
- मेरी 26 मई की लखन किशन फार्म हाउस से शादी है। कोविड को देखते हुए शासन की गाइड लाइन के अनुरूप सीमित लोगों को आमंत्रण दिया है। शादी में आने वाले लोगों से नियमों का पालन करने के लिए भी कहा गया है। संक्रमण के चलते कार्यक्रम करने में खासी दिक्कतें आ रही हैं। - लक्की शर्मा।
- कोरना संक्रमण के चलते अधिकांश लोग शादी विवाह को आगे बढ़ा रहे हैं, या फिर रद्द कर रहे हैं। इस कारण खासा नुकसान हो रहा है। जब लोगों की संख्या कम होगी तो लाइट टेंट सब में अंतर आएगा। - आशीष शर्मा, डेकोरेटर्स।
- शनिवार रविवार के लॉकडाउन के चलते एक दर्जन से अधिक लोगों ने बैंड को रद्द कर दिया है। अभी कुछ नहीं कह सकते हैं आगे और क्या होने वाला है। कार्यक्रम रद्द होने से काफी व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। - केदारी ताऊ, बैंड संचालक।