हाथरस: आत्महत्या करने वाले मृतक प्रमोद की पत्नी से बातचीत करते डीएसओ, एसडीएम।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिकंदराराऊ क्षेत्र के कस्बा पुरदिलनगर में युवक ने गृहक्लेश के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सिकंदराराऊ, डीएसओ और सीओ सिकंदराराऊ ने जाकर जांच-पड़ताल की और अपनी आख्या डीएम को दी।
जांच टीम को मृतक की मां नत्थो देवी ने बताया कि प्रमोद कुमार का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था और इसके चलते उसने नहर के पास पेड़ पर गृहक्लेश में ही आत्महत्या कर ली। भुखमरी अथवा खाद्यान्न की कमी जैसी कोई स्थिति उनके घर में नहीं थी। मृतक की मां ने बताया कि दो अप्रैल को उसने अपने पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पर राशन प्राप्त कर लिया था और जनधन के 500 रुपये भी उसके खाते में आए हैं।
जांच टीम के समक्ष मृत प्रमोद कुमार की पत्नी सुमन ने भी यही बात कही। मृतक के भाइयों ने भी जांच टीम को यह बताया कि वह सभी संयुक्त रूप से कस्बा पुरदिलनगर में जलेसर रोड पर लकड़ी की टाल चलाते हैं। परिवार में ट्रैक्टर भी है। सभी भाइयों ने मिलकर पट्टे पर तीन बीघा खेत भी लिया था, जिसमें करीब 12 क्विंटल गेहूं प्राप्त हुआ है। प्रमोद की मां व दादी के नाम दो मंजिला मकान है। इसमें यह लोग संयुक्त रूप से रहते हैं। घर में नीचे दो दुकानें बनी हैं। सामने लकड़ी की टाल है।
जांच टीम को मौके पर दुकानों में 12 कुंतल गेहूं और 10 किलो सब्जी भी मिली। अन्य खाद्य सामग्री भी वहां रखी थी। जांच टीम के मुताबिक प्रमोद को जुआ खेलने की लत थी। उस दिन जुए में पैसे हार गया था। इसके चलते परिवार में विवाद की स्थिति बनी और उसने आत्महत्या कर ली। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार का कहना है कि परिवार में आर्थिक तंगी जैसी कोई स्थिति नहीं है और न ही परिवार में खाद्यान्न की कमी है। गृहक्लेश में यह आत्महत्या हुई है।