न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कासगंज रोड स्थित गांव नगला जलाल में सोमवार की शाम को वसूली करने और बिजली के कनेक्शनों की जांच करने गई बिजली टीम के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट कर दी। आरोपियों ने सभी कर्मियों को पकड़कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव बरतर के फीडर पर तैनात अवर अभियंता प्रदीप कुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह प्रवर्तन दल और संविदा कर्मियों की टीम के साथ गांव नगला जलाल में संयोजनों की चेकिंग और बकाया वसूली करने गए थे। उन्होंने गांव निवासी संजीव कुमार यादव पुत्र राम सिंह के परिसर में चल रहे संयोजन के कागजात मांगे तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
जब उनसे कहा गया कि तीन मकान पर एक कनेक्शन कैसे है तो संजीव, उनके भाई वीनेश यादव, पप्पू आदि ने एकराय होकर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। सभी कर्मियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए, जिन्हें बाद में गांव के लोगों ने वापस दिलवाया। पुलिस ने संजीव, वीनेश और पप्पू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।