न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
कस्बे में गृहस्वामी को बंधक बनाकर की गई लाखों की लूट का खुलासा न होने से व्यापारियों में गुस्सा है। उच्चाधिकारियों ने घटना का खुलासा करने के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा सर्विलांस, एसओजी और अन्य पुलिस टीमें भी गठित की हैं। संयुक्त रूप से पुलिस टीमें बदमाशों की कुंडली खंगालने में लगी हैं। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश देकर लोगों को पूछताछ की है, लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है। बदमाश अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
लूट की यह जघन्य घटना कस्बा में चर्चा का विषय बनी है। हर किसी की जबां पर इस घटना का जिक्र है। दरअसल, कस्बा के रामलीला मैदान के समीप घनी आबादी क्षेत्र संजय कॉलोनी में शनिवार की रात को नकाबपोश बदमाशों ने गृह स्वामी मनोज अग्रवाल को हत्यारों के बल पर बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था, जिससे दहशत का माहौल है।
घटना का खुलासा करने के लिए व्यापारियों ने दो दिन की मोहलत दी थी। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, वैसे ही इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस पर दबाव बढ़ता जा रहा है। बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार दबिशें दे रही हैं। प्रभारी निरीक्षक गिरीशचंद्र गौतम का कहना है कि लूट की घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से अपना काम कर रहीं हैं। शीघ्र ही घटना से पर्दा उठा दिया जाएगा। संवाद