न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर हुईं चोरी की घटनाओं का सुराग लगा पाने में कोतवाली पुलिस पूरी तरह से असफल साबित हुई है। लगातार हो रहीं चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में हैं।
गौरतलब है कि तीन दिसंबर को सलेमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव सूसामई में एक टेंट की दुकान के कुंदे को काटकर चोर लाखों रुपये कीमत का डीजे सिस्टम का सामान, टेंट के अलावा जाऊ नहर के निकट स्थापित एक भाजपा नेता र्के इंट उद्योग से ऑल्टीनेटर चोरी कर ले गए थे। जरैरा पुलिस चौकी और सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती गांव सखी आबू तालिमपुर के माजरा सुल्तानपुर में भी बदमाश एक व्यक्ति को बंधक बनाकर और दंपती को कमरे में बंद कर बकरियों को चोरी कर ले गए थे।
उसके बाद कस्बे के प्राचीन वनखंडेश्वर बगीची से भी चोर हजारों रुपये कीमत का सामान, गांव कानऊ में एक व्यक्ति के घर में घुसकर ताले तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपये की नकदी के अलावा एक अन्य व्यक्ति के घर से पीतल के बर्तन व साइकिल चोरी कर ले गए थे। कोतवाली इन घटनाओं को अंजाम देने वाले चोरों का सुराग लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। संवाद