न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में 20 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल जिले में पहुंच गया है। मतदान केंद्रों और पोलिंग बूथों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित कर दी गई है। मतदान केंद्रों के अंदर, बाहर बैरियर और पिकेट पर इनकी तैनाती रहेगी।
मतदान केंद्रों पर करीब 12,500 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें कुल 1,445 जनपद पुलिस के जवान, 487 जनपदीय होमगार्ड व 50 जनपदीय पीआरडी के जवानों के अलावा जनपद गोरखपुर व मेरठ से कुल 255 निरीक्षक और उपनिरीक्षक, 2,712 मुख्य आरक्षी व आरक्षी, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर व जौनपुर जिले से कुल 225 निरीक्षक और उपनिरीक्षक और 1,764 मुख्य आरक्षी और आरक्षी, गोरखपुर, बहराइच, देवरिया और जनपद मिर्जापुर से कुल 2,199 होमगार्ड मिले हैं। इसके साथ ही सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, उड़ीसा स्टेट आर्म्ड पुलिस की कुल 46 कंपनी, दा प्लाटून अर्धसैनिक बल, दो कंपनी पीएसी भी जिले में आ चुकी है।
जिले में कुल 840 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र सिविल पुलिस एवं होमगार्ड की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिले में 15 पिंक बूथ बनाए गए हैं, जिनमे महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में कुल 14 जोनल व 109 सेक्टर बनाए गए हैं, जिनमें निरीक्षक रैंक के जोनल पुलिस अधिकारी व उपनिरीक्षक रैंक के सेक्टर पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके साथ मानक के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए मानक के अनुरूप हाथरस पुलिस द्वारा हर 10 मतदान केंद्रों पर एक क्लस्टर मोबाइल बनाया गया है। इस प्रकार कुल 85 क्लस्टर मोबाइल टीमें पर्याप्त पुलिस बल के साथ क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर क़ानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र में थाना मोबाइल तथा दो क्यूआरटी का गठन किया गया है, जो मतदान दिवस के दिन लगातार मतदान केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखे में योगदान देंगी। संवाद