अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सिटी स्टेशन पर तैनात पुलिस बल। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
अग्निपथ योजना के विरोध को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरे दिन बेहद सतर्क रहा। अधिकारियों ने जहां थानों में बैठकें की तो वहीं रेलवे स्टेशनों पर पुलिस फोर्स तैनात रही। खुफिया तंत्र इस बात की टोह लेता रहा कि कहीं अग्निपथ योजना के विरोध में लोग एकत्रित तो नहीं हो रहे। सासनी में एसडीएम और सीओ ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की।
अग्निपथ योजना का विरोध हो रहा है। वहीं प्रशासन द्वारा युवाओं को इस योजना के फायदे भी बताए जा रहे हैं। मंगलवार को भी इस योजना के विरोध के चलते पुलिस और प्रशासन बेहद सतर्क रहा। सबसे ज्यादा चौकसी रेलवे स्टेशनों पर रही। वहां पुलिस बल तैनात रहा। संदिग्धों से पूछताछ भी की गई।
उन थानों की फोर्स भी चौकस रही, जहां से रेलवे ट्रैक गुजरता है। खुफिया तंत्र भी काफी सतर्क रहा। सासनी कोतवाली में एसडीएम सासनी अंजलि गंगवार, सीओ सिटी मनोज कुमार शर्मा ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की।
बैठक में प्रधानों से कहा कि वह युवाओं की निगरानी करें और उन्हें यह समझाएं कि वह किसी के बहकावे में न आएं। बैठक में अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि किसी ने शांति व्यवस्था से खिलवाड़ किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक का संचालन कोतवाली निरीक्षक सतेंद्र सिंह राघव ने किया।