गांव नगला बिहारी में तालाब का निरीक्षण करते डीएम रमेश रंजन। संवाद
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
विकास खंड की ग्राम पंचायत नगला बिहारी में मनरेगा के तहत कराए जा रहे तालाब जीर्णोद्धार कार्य का डीएम रमेश रंजन ने निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि निर्माणाधीन तालाब के बराबर में एक और छोटा तालाब है। डीएम ने दोनों तालाब को एक में बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा वर्षा का जल तालाब तक आने के लिए बेहतर मर्गा बनाने और चारों ओर चौड़ा बंधा बनाकर पौधरोपण के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव के अंदर स्थित एक तालाब ओवर फ्लो हो जाता है। इससे जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। जिलाधिकारी ने पंचायत सचिव को जेई से समन्वय स्थापित करते हुए तालाब के पानी की निकासी के प्रबंधन करने एवं सिल्ट की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए की यदि तालाब पर किसी के द्वारा अतिक्रमण किया गया हो तो उसे तत्काल हटवाना सुनिश्चित करें।
जिला विकास अधिकारी अवधेश सिंह यादव ने डीएम को तालाब निर्माण की लागत एवं व्यय से अवगत कराया। मौके पर सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र, एसडीएम सादाबाद शिव सिंह, पीडी अश्वनी कुमार मिश्र, तहसीलदार सादाबाद, खंड विकास अधिकारी सहपऊ, एडीओ पंचायत, लेखपाल, सचिव, ग्राम प्रधान आदि थे।